मुजफ्फरपुर में विजिलेंस की टीम ने कार्रवाई करते हुए मुशहरी अंचल के राजस्व कर्मचारी अजित कुमार को 50 हज़ार रुपए घूस लेते रंगेहाथ दबोच लिया। उसे मिठनपुरा स्थित एक स्कूल के समीप से दबोचा गया। कार्रवाई देखकर काफी भीड़ जुटने लगी तो टीम उसे लेकर फौरन यहां से पटना के लिए रवाना हो गयी। विजिलेंस DSP अरुण पासवान के नेतृत्व में उक्त कार्रवाई हुई।

उन्होंने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी मुशहरी अंचल में राजस्व कर्मचारी है। उसके खिलाफ काजीमोहम्मदपुर थाना के गन्नीपुर के रहने वाले कुमार अभिमन्यु ने शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके बाद विजिलेंस की टीम ने इसका सत्यापन किया। बुधवार को टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही राजस्व कर्मचारी ने कैश अपने हाथों में लिया, फौरन टीम ने उसे दबोच लिया।

बताया गया कि कुमार अभिमन्यु ने जमाबंदी को लेकर CO के यहां आवेदन दिया था। जिसे राजस्व कर्मचारी के पास जांच के लिए भेजा था। राजस्व कर्मचारी ने कुमार अभिमन्यु को बताया कि जमाबंदी के लिए खाता-खेसरा नम्बर अंकित होना चाहिए, जो नहीं है। इसके लिए एक लाख रुपये देने होंगे। जिसमें से 50 हज़ार का रसीद कटेगा और 50 हज़ार रुपए घुस लगेगा।

मिठनपुरा में आरोपी ने अलग अपना कार्यालय बनाकर रखा है। यहीं पर वह वसूली का धंधा करता था। विजिलेंस की टीम ने उसे वहीं से रंगेहाथ दबोच लिया। FIR दर्ज कर उसे जेल भेजा जाएगा। इधर, राजस्व कर्मचारी के पकड़े जाने के बाद मुसहरी प्रखंड कार्यालय में हडकंप मच गया है। क्योंकि, जमीन के मामले में जमकर खेल होता है।

Source : Dainik Bhaskar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *