आपदा प्रबंधन कार्यालय ने अंचलाधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर जिले के 216 महत्वपूर्ण छठ घाटों को संवेदनशील घोषित किया है। इनमें शहर के 33 छठ घाट भी शामिल हैं। विभाग ने इन संवेदनशील छठ घाटों पर विशेष व्यवस्था के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि इसमें किसी तरह की लापरवाही पर कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी।

जिले के हजारों छठ घाटों में से 216 महत्वपूर्ण छठ घाट संवेदनशील घोषित किए गए हैं। इनमें मुजफ्फरपुर शहरी क्षेत्र के 33 घाटों के अलावा मुशहरी ग्रामीण क्षेत्र के सात घाट शामिल हैं। इनके अलावा सकरा के 69, कुढ़नी के 14, सरैया के 10, मीनापुर के आठ, कटरा के 12, औराई के 18, बंदरा के 15, गायघाट के 13, कांटी के पांच, साहेबगंज के एक, मोतीपुर के दो, बोचहां के एक व पारू के दो के अलावा कटरा के भी छठ घाटों को संवेदनशील घोषित किया गया है। इन्हें संवेदनशील मानने का आधार इन घाटों पर पानी के स्तर के अलावा सुरक्षा के दृष्टिकोण को भी बनाया गया है।

दो दिनों में घाटों की सफाई का आदेश

दिवाली के अगले दिन भी सफाई कर्मी छुट्टी के मूड में रहे। शहर के दो ही पोखरों की सफाई शुक्रवार को हो पायी। सफाई प्रभारी ने कर्मियों की चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि शनिवार से हर हाल में सभी घाटों पर निर्धारित ड्यूटी चार्ट के अनुसार पहुंच जायें। शुक्रवार को सफाई कर्मी की कमी के कारण शहर के दो पोखरों पर ही निगम का सफाई अभियान चला। इनमें श्याम सिनेमा पोखर व साहू पोखर शामिल हैँ। इन दोनों पोखरों को सफाई कर्मियों ने साफ किया और इसके अंदर फैले कचरे को बाहर निकाला। निगम अधिकारियों ने बताया कि कर्मियों को शनिवार से हर हाल में ड्यूटी पर मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है।

आज इन घाटों पर चलेगा अभियान

शनिवार को शहर के सीढ़ी घाट, आश्रम घाट, सूर्य मंदिर घाट व अखाड़ाघाट पर अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा शहर के बीवीगंज पोखर, एलएस कॉलेज व आरडीएस कॉलेज पोखर की भी सफाई करायी जाएगी। शुक्रवार को शहर के सीढ़ी घाट, आश्रम घाट, अखाड़ाघाट जैसे महत्वपूर्ण घाटों पर गंदगी पसरी रही। नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने कहा कि शनिवार से हर हाल में सफाई कराने व उसे दो दिन में पूरा करने का आदेश दिया गया है।


130 महिला पुलिस कर्मियों ने छठ के लिए मांगी छुट्टी

मुजफ्फरपुर। इस साल बड़ी संख्या में महिला पुलिस कर्मी छठ कर रही हैं। बताया गया कि छठ करने के लिए अबतक 130 महिला पुलिस कर्मियों ने छुट्टी मांगी है। महिला थाने की अधिकांश पुलिस कर्मी छठ कर रहीं हैं। वरीय अधिकारियों ने आवेदन को फिलहाल समीक्षा के लिए रखा है।

स्थानीय थानों को निगरानी का जिम्मा

विभाग ने इन सभी छठ घाटों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी के अलावा लाईफ जैकेट, मोटरवोट या नाव व गोताखोरों की तैनाती के आदेश दिए हैं। इन घाटों पर स्थानीय थानों को भी निगरानी का आदेश दिया गया है। इन घाटों पर मेडिकल सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था व बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही अंचलाधिकारियों को रोशनी की व्यवस्था का भी निर्देश दिया गया है।

Input : live hindustan

2 thoughts on “छठ महापर्व : मुजफ्फरपुर मे 216 महत्वपूर्ण छठ घाट संवेदनशील घोषित, इन घाटों पर श्रद्धालु रहे सावधान”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *