मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना के मुरौल में अपराधियों ने रेलवे कर्मी संतोष कुमार को गोली मार दी। एक गोली उनके पीठ में लगी। दूसरी गोली भी फायर की गई। लेकिन, इसमे वे बाल-बाल बच गए। गोली उनके बगल से निकल गए। वे जमीन पर रेंगते हुए भागने की कोशिश करने लगे। इस बीच अपराधियों ने उनपर फिर फायरिंग करने का प्रयास किया। लेकिन, पिस्टल से मैगजीन गिर गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे। अपराधी मैगजीन और गोली छोड़कर भाग निकले। संतोष को मुरौल PHC ले जाया गया। लेकिन, उनकी गम्भीर हालत देखते हुए बैरिया स्थित मां जानकी हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। उन्हें ICU में भर्ती किया गया है। डॉ. गौरव वर्मा ने बताया कि पीठ में गोली लगी है। मरीज को स्टेबल किया गया है। ऑपरेशन कर गोली निकालने की कवायद की जा रही है।

घटनास्थल पर गिरा मैगजीन

ससुराल जाने के क्रम में अपराधियों ने घेरा
घायल रेलकर्मी के साला महेंद्र ने बताया कि उनके बहनोई ढोली स्टेशन पर क्लर्क हैं। उनका अपने परिवार वालों से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। इसलिय वे मुरौल स्थित अपने ससुराल में रहते हैं। प्रतिदिन की तरफ शुक्रवार शाम भी ड्यूटी कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार चार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद गाली गलौज कर फायरिंग कर दी।

दो माह पूर्व भी हुई थी फायरिंग
जख्मी संतोष ने बताया कि वे दिव्यांग हैं। पिछले साल लव मैरिज किया था। उसके पिता की मौत हो चुकी है। दो महीने पहले भी उसपर फायरिंग हुआ था। लेकिन, वे बाल-बाल बच गए थे। सकरा थाना में केस भी करवाया। पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

मां-बहन और बहनोई पर आरोप
पीड़ित ने कहा कि घटना के पीछे उसकी मां मीरा देवी, बहनोई मुकेश और बहन का हाथ है। वे लोग उसकी संपत्ति हथियाना चाहते हैं। इसी को लेकर वे लोग बार-बात उसकी हत्या की साजिश रचते हैं। जब से शादी की है, घर पर नहीं रहते हैं। कभी भी वे लोग उनकी हत्या कर सकते है.

मैगजीन, गोली और खोखा जब्त
घटना के बाद थानेदार सरोज कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घटनास्थल से एक लोडेड मैगजीन। एक खोखा और घायल की बाइक बरामद हुई। इसे जब्त कर लिया गया है। थानेदार ने कहा कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। घायल का बयान दर्ज किया जा रहा है।

इनपुट : दैनिक भास्कर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *