मुजफ्फरपुर- 08 दिसम्बर, तेलंगाना के मुख्यमंत्री कांग्रेस नेता रेवंत रेड्डी के द्वारा एक बयान में बिहारियों के डीएनए और जाति विशेष पर सवाल उठाया गया था. जिसका गुरूवार को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही बिहार भाजपा में आक्रोश है। इसी को लेकर पूरे बिहार में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का पुतला फूंका गया।

इस क्रम में शुक्रवार को मिठनपुरा स्थित पानी टंकी चौक पर भाजपा जिलाध्यक्ष रंजन कुमार एवं भाजपा ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष विकास गुप्ता आदित्य के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं के द्वारा मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का पुतला फूंका गया. रेवंत रेड्डी सहित कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और आपत्तिजनक बयान के लिए माफी मांगने की मांग की गई।

मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने रेड्डी की बयान की निंदा करते हुए कांग्रेस पर विभाजन को बढ़ावा देने का आरोप लगाया कि कांग्रेस क्षणिक लाभ के लिए भारतीय सभ्यता, सांस्कृतिक, अध्यात्मिक, सामाजिक एवं राजनीतिक एकता को तोड़ने पर आमादा है। उन्होंने कहा कि बिहार का गौरवशाली इतिहास रहा है समय-समय पर बिहारियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर देश ही नही बल्कि दुनियाभर में बिहार का परचम लहराया है।

उन्होंने कहा कि इसी पावन भूमि पर महाबोधि मंदिर स्थित है। बिहार की पावन भूमि पर अनेक संतो का जन्म हुआ, इसी पावन भूमि पर दुनिया के बहुत से हिस्सों में लोग पढना लिखना भी नहीं जानते थे, उस समय बिहार शिक्षा का सबसे बड़ा केंद्र रहा। उन्होंने कहा कि बिहार की ही पावन भूमि पर अशोक, अजातशत्रु, बिम्बिसार और अन्य महान राजाओं का जन्म हुआ। आज़ाद भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद का जन्म भी बिहार में ही हुआ है। सिक्खों के दसवे गुरु गोविद सिंह का जन्म भी बिहार की राजधानी पटना में हुआ। आज भी भारत के सबसे ज्यादा भारतीय प्रशासनिक अधिकारी बिहार से ही निकलते हैं, ऐसे में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का बिहार के डीएनए को लेकर दिया गया बयान बेहद शर्मनाक है जिसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है। कहा कि भाजपा कार्यकर्ता तब तक शांत नही बैठेंगे जबतक रेड्डी सार्वजनिक तौर पर अपने आपत्तिजनक बयान के लिए माफी न मांग लें।

वहीं मोर्चा अध्यक्ष विकास गुप्ता आदित्य ने कहा कि बिहार के लोग बिहार के अपमान को भूलने वाले नही अगर जब भी रेड्डी बिहार की धरती पर पहुंचेंगे तो उसका भाजपा द्वारा पुरजोर तरीके से विरोध किया जाएगा। कहा कि संवैधानिक रूप से उच्च पद पर आसीन व्यक्ति का किसी राज्य और जाति विशेष पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी उस व्यक्ति ही नही बल्कि उसके दल की ओछी मानसिकता का परिचायक है।

इस दौरान मुख्य रूप से जिला महामंत्री सचिन कुमार, जिला उपाध्यक्ष अंकज कुमार, जिला मंत्री नचिकेता पाण्डेय, नंदकिशोर पासवान, जिला मीडिया प्रभारी आशीष श्रीवास्तव, साकेत शुभम, राकेश पटेल, मोर्चा प्रभारी रवि रंजन शुक्ला, विस प्रभारी उमेश पाण्डेय सहित अमित राठौर, देवकांत झा, हरिकिशोर बैठा, आकाश पटेल, विशाल कुमार, अंजय गुप्ता, राकेश रंजन, अनिल कुमार, रामू गुप्ता, राहुल कुमार, राजेश प्रजापति, शिबू सोनी, विक्की प्रजापति, छोटु दास, शैलेन्द्र सिंह आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *