मुजफ्फरपुर में अपराधियों का बढ़ता दुस्साहस एक बार फिर खौफनाक रूप में सामने आया है। अहियापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। बाइक सवार बदमाशों ने सरेआम एक महिला को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
🚨 रास्ते में रोककर मारी गोली
जानकारी के मुताबिक, 26 वर्षीय मदीना खातून अपनी भाभी जोया खातून के साथ ई-रिक्शा से मेडिकल ओवरब्रिज होते हुए बखरी की ओर जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने टोटो को बीच रास्ते में रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक हमलावर गाड़ी में घुसा और सीधे मदीना पर फायरिंग कर दी।
इस हमले में मदीना के हाथ, पेट और फेफड़े में गोली लगी है। गंभीर हालत में उन्हें तत्काल SKMCH में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर उनकी जिंदगी बचाने की कोशिश में जुटे हैं।
⚠️ “केस वापस लो, नहीं तो जान जाएगी”
हमले से पहले बदमाशों ने मदीना को साफ शब्दों में धमकी दी थी—अगर दर्ज केस वापस नहीं लिया गया, तो अंजाम जानलेवा होगा। इसके बाद अपराधियों ने गोली चलाते हुए मौके से फरार हो गए।
💔 प्रेम प्रसंग बना हमले की वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में इस सनसनीखेज वारदात के पीछे पुराना प्रेम संबंध सामने आ रहा है। आरोप है कि मदीना का मोहम्मद शमशाद शेख नामक युवक के साथ पिछले पांच वर्षों से संबंध था। इस दौरान युवक ने उससे करीब 10 से 12 लाख रुपये भी लिए थे।
जब मदीना ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी ने किनारा कर लिया। इसके बाद पीड़िता ने बोचहां थाने में मामला दर्ज कराया था, जिससे आरोपी लगातार नाराज और आक्रामक था।
📹 CCTV खंगाल रही पुलिस, छापेमारी जारी
परिजनों के अनुसार, केस वापस लेने के लिए लगातार धमकियां मिल रही थीं और उसी के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद पुलिस हरकत में आई है। आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
