मुजफ्फरपुर : परीक्षा हॉल में घुसकर छात्रा के अपहरण की कोशिश, शादी से इंकार पर गोली मारने की धमकी

मुजफ्फरपुर : परीक्षा हॉल में घुसकर छात्रा के अपहरण की कोशिश, शादी से इंकार पर गोली मारने की धमकी

मुजफ्फरपुर के अघोरिया बाजार स्थित एलएनटी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर मंगलवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक सिरफिरे युवक ने परीक्षा दे रही छात्रा के अपहरण की कोशिश की। युवक जबरन परीक्षा हॉल में घुस गया और छात्रा के साथ बदसलूकी करते हुए उसे क्लासरूम से बाहर घसीटने लगा।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने खुलेआम धमकी दी कि अगर छात्रा उससे शादी नहीं करेगी, तो वह उसे गोली मार देगा। इस दौरान परीक्षा दे रहे अन्य छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में दहशत फैल गई।


⚠️ विरोध पर मचा हंगामा, छात्रों ने बचाई जान
बीए फिफ्थ सेमेस्टर की परीक्षा दे रही पीड़ित छात्रा को आरोपी ने टेबल से नीचे गिरा दिया। छात्रा के शोर मचाने पर कॉलेज कर्मियों और अन्य छात्रों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और आरोपी को पकड़ लिया। गुस्साए छात्रों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी।


🚨 पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
सूचना मिलते ही काजी मोहम्मदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। उसकी पहचान रवि शंकर कुमार के रूप में हुई है, जो पूर्वी चंपारण जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।


💔 तीन साल से कर रहा था परेशान
पीड़ित छात्रा ने पुलिस को बताया कि आरोपी पिछले तीन वर्षों से उसे परेशान कर रहा था। दोनों के बीच कभी सामान्य जान-पहचान थी, जिसे युवक ने एकतरफा प्यार समझ लिया। इसके बाद वह लगातार छात्रा पर शादी का दबाव बना रहा था।


📱 मोबाइल हैक कर ब्लैकमेलिंग का आरोप
छात्रा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपी उसका मोबाइल हैक कर निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देता था। इतना ही नहीं, उसने छात्रा की दो बार तय हुई शादी भी तुड़वा दी, लड़के वालों को गुमराह कर।


🔍 बालूघाट में छापेमारी, डिजिटल सबूत खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने शहर के बालूघाट स्थित आरोपी की फोटोकॉपी दुकान पर छापेमारी की है। वहां से जब्त मोबाइल और लैपटॉप की जांच की जा रही है, ताकि ब्लैकमेलिंग और अन्य आरोपों की पुष्टि हो सके।


📄 FIR दर्ज, कड़ी कार्रवाई की तैयारी
काजी मोहम्मदपुर थानाध्यक्ष चंद्रभूषण कुमार सिंह ने बताया कि छात्रा के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।