काजी मोहम्मदपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 शातिर गिरफ्तार, 2 फरार — 3 दान पेटियां बरामद, दर्जनों वारदातों का खुलासा
मुजफ्फरपुर शहर और आसपास के मंदिरों में लगातार हो रही दान पेटी चोरी की घटनाओं का आखिरकार पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। काजी मोहम्मदपुर थाना पुलिस ने एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के दो अन्य सदस्य अब भी फरार हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वैशाली जिले के नवा चौक निवासी हर्ष कुमार और सकरा थाना क्षेत्र के ढोली दुबहा निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पिछले करीब दो वर्षों से शहर के वार्ड-34 स्थित नीम चौक के शंकरपुरी इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे और यहीं से अपनी आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे।
🌙 देर रात ऑटो से निकलते, सुनसान मंदिर बनते थे निशाना
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गिरोह के सदस्य देर रात ऑटो लेकर निकलते थे और सुनसान इलाकों में स्थित मंदिरों को अपना निशाना बनाते थे। चोरी के बाद दान पेटियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर नकदी निकालते थे और फिर पेटियों को ठिकाने लगाने की तैयारी में रहते थे।
🛕 CCTV से खुला राज, पुलिस ने दबोचा
काजी मोहम्मदपुर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि मुक्तिनाथ मंदिर स्थित राम-जानकी मंदिर में दान पेटी चोरी के बाद पुजारी अरुण मिश्रा के आवेदन पर मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें आरोपियों की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर नीम चौक इलाके से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से 3 दान पेटियां भी बरामद की गई हैं।
🔎 दर्जनों वारदातों में शामिल गिरोह
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया है कि वे एक दर्जन से अधिक चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं। इस गिरोह ने सदर थाना क्षेत्र के पताही जगन्नाथ स्थित बाबा भदेश्वर नाथ मंदिर और जगदंबा स्थान मंदिर समेत कई अन्य मंदिरों को निशाना बनाया है।
💸 चोरी के पैसों से ऐश-मौज और नशा
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि आरोपी मंदिरों से चोरी किए गए दान के पैसों से अपनी गर्लफ्रेंड के साथ ऐश-मौज करते थे। साथ ही नशापान, महंगे मोबाइल खरीदने और अन्य शौक पूरे करने में पैसे उड़ाते थे। पुलिस के अनुसार, गिरोह का मकसद बिना मेहनत के आसान तरीके से पैसा कमाकर विलासिता भरी जिंदगी जीना था।
🚨 फरार आरोपियों की तलाश जारी
फिलहाल इस गिरोह के दो अन्य सदस्य — शहाबुद्दीन और अमन — फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
