सरैया में ‘चोर’ समझकर पीट-पीटकर युवक की हत्या, शव के साथ ग्रामीणों का हंगामा — पुलिस पर भी हमला

सरैया में ‘चोर’ समझकर पीट-पीटकर युवक की हत्या, शव के साथ ग्रामीणों का हंगामा — पुलिस पर भी हमला

विक्षिप्त युवक की मौत के बाद भड़का गुस्सा, आरोपितों को पुलिस वैन से खींचकर पीटा, 4 गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर (सरैया) | Tirhut Now रिपोर्ट


मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक विक्षिप्त युवक को ‘चोर’ समझकर भीड़ ने बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी जान ले ली। मृतक की पहचान मोतीपुर थाना क्षेत्र के मोरसंडी गांव निवासी राहुल साह के रूप में हुई है।


जानकारी के अनुसार, राहुल अपनी बहन के घर मरवापाकर पंचायत के चकमोगलानी गांव आया हुआ था। मंगलवार की देर रात वह खाना खाने के बाद टहलने के लिए निकला था। इसी दौरान गांव के एक टोला में कुछ लोगों ने उसे संदिग्ध समझकर ‘चोर-चोर’ का शोर मचाया और भीड़ इकट्ठा कर उसकी जमकर पिटाई कर दी।
गंभीर रूप से घायल राहुल को पुलिस ने मौके से छुड़ाकर पहले सीएचसी सरैया पहुंचाया, जहां से उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) रेफर किया गया। इलाज के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई।

शव आते ही भड़का आक्रोश, सड़क जाम
पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। शव को गांव के चौराहे पर रखकर जमकर प्रदर्शन किया गया। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए आरोपितों को भीड़ ने पुलिस वाहन से खींचकर पीटना शुरू कर दिया। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


पुलिस पर हमला, आरोपितों को छुड़ाने की कोशिश
स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी ग्रामीणों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने आरोपितों को छुड़ाने का प्रयास किया, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। इस दौरान तोड़फोड़ की भी घटना सामने आई है।

https://x.com/i/status/2047202356006428975


4 आरोपी गिरफ्तार, और कार्रवाई जारी
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि मामले में अब तक चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, पुलिस वैन से आरोपितों को खींचकर पीटने और पुलिस कार्य में बाधा डालने वालों पर अलग से प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।


एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी के अनुसार, घटना की गंभीरता को देखते हुए गांव में कई थानों की पुलिस बल तैनात कर दी गई है। फरार अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी जारी है।
इलाके में तनाव, पुलिस कैंप कर रही निगरानी


घटना के बाद पूरे चकमोगलानी गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस लगातार कैंप कर स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।


👉 Tirhut Now अपील:
अफवाहों से बचें, कानून को हाथ में न लें। किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।