मुजफ्फरपुर पुलिस ने सक्रिय पुलिसिंग के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध हथियार और चोरी की मोटरसाइकिल के साथ तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कुढ़नी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के आम बगीचा, रेलवे गुमटी संख्या-17 के पास छापेमारी की। इस दौरान तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान श्रीवन कुमार उर्फ गोलू कुमार (कुढ़नी), प्रीतम राज (सदर, मुजफ्फरपुर) और आयुष कुमार (गोरौल, वैशाली) के रूप में हुई है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, तीन कारतूस, तीन मोबाइल फोन और दो चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। जांच में सामने आया कि बरामद मोटरसाइकिल वैशाली जिले के बेलसर थाना कांड संख्या-819/25 में चोरी की गई थी।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वे हत्या के लिए सुपारी लेने की तैयारी में थे। इस खुलासे के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच तेज कर दी गई है।
इस संबंध में कुढ़नी थाना कांड संख्या-59/26 दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आयुष कुमार के खिलाफ पहले से एक मामला दर्ज होने की पुष्टि हुई है, जिसमें आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराएं शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
