पुलिस बनी मानवता की मिसाल: गरीब बेटी की शादी में देवदूत बन पहुंचे थानाध्यक्ष

पुलिस बनी मानवता की मिसाल: गरीब बेटी की शादी में देवदूत बन पहुंचे थानाध्यक्ष

मुजफ्फरपुर से एक ऐसी खबर सामने आई है, जो न सिर्फ दिल को छूती है बल्कि समाज में पुलिस की एक नई और सकारात्मक छवि भी पेश करती है। देवरिया थाना क्षेत्र के धरफरी गांव में एक निर्धन परिवार की बेटी की शादी उस समय खास बन गई, जब मुजफ्फरपुर पुलिस खुद आशीर्वाद बनकर वहां पहुंची।


स्वर्गीय फगुनी महतो की छह बेटियां हैं और उनके निधन के बाद से परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। आज उनकी दूसरी बेटी की शादी थी, लेकिन सीमित संसाधनों के कारण परिवार के सामने कई चुनौतियां थीं। ऐसे में समाजसेवी रोहित साव और स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए मदद की मुहिम चलाई और कुछ सहयोग जुटाया।


इसी बीच जैसे ही इस मामले की जानकारी देवरिया थानाध्यक्ष को मिली, उन्होंने बिना देर किए एक मानवीय पहल करते हुए लड़की के घर पहुंचकर शादी के लिए जरूरी श्रृंगार का सामान, साड़ी और एक सूटकेस भेंट किया। यह न सिर्फ एक आर्थिक मदद थी, बल्कि उस परिवार के लिए भावनात्मक संबल भी साबित हुआ।


इस पहल ने यह साबित कर दिया कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ खड़ी है। मुजफ्फरपुर पुलिस का यह कदम निश्चित ही अन्य लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा और यह संदेश देता है कि मानवता आज भी जिंदा है।