शादी के वादे से होटल के कमरे तक… फिर एक कॉल ने पलट दी पूरी कहानी

शादी के वादे से होटल के कमरे तक… फिर एक कॉल ने पलट दी पूरी कहानी

मुजफ्फरपुर में युवती ने खुद कराया अपना रेस्क्यू, होटल से प्रेमी गिरफ्तार; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए अहम सबूत

मुजफ्फरपुर में एक प्रेम संबंध का अंत उस वक्त सनसनीखेज मोड़ पर पहुंच गया, जब एक युवती ने होटल के कमरे से पुलिस को गुप्त सूचना देकर खुद को बचाने की गुहार लगाई। मामला अहियापुर थाना क्षेत्र के मेडिकल कॉलेज गेट के समीप स्थित आर.एस. होटल एंड रेसीडेंसी का है, जहाँ बुधवार देर रात पुलिस ने छापेमारी कर युवती को सुरक्षित बाहर निकाला और उसके प्रेमी सुजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी और युवती के बीच पिछले ढाई वर्षों से प्रेम संबंध था। पीड़िता का आरोप है कि सुजीत लगातार शादी का भरोसा देकर उसे अपने साथ संबंध में बनाए हुए था। बुधवार की रात उसने मिलने के बहाने युवती को होटल बुलाया और होटल रजिस्टर में उसे अपनी पत्नी बताकर कमरा बुक कराया।


युवती ने आरोप लगाया कि कमरे में पहुंचने के बाद आरोपी का व्यवहार अचानक बदल गया। विरोध करने पर उसके साथ जबरदस्ती और प्रताड़ना की गई। खुद को खतरे में महसूस कर युवती ने साहस दिखाया और मौका मिलते ही पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस सक्रिय हुई और होटल में दबिश देकर कमरे का दरवाजा खुलवाया। पुलिस ने मौके से आरोपी को हिरासत में ले लिया।


घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कमरे को तत्काल सील कर दिया। गुरुवार को फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम होटल पहुंची और कमरे से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पीड़िता ने घटनास्थल पर पूरी वारदात का क्रमवार विवरण अधिकारियों को बताया। पुलिस का मानना है कि बरामद साक्ष्य आरोपी के खिलाफ केस को मजबूत करेंगे।


इधर, इस मामले के बाद होटल प्रबंधन की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। नगर एसडीपीओ विनीत सिंह ने होटल संचालकों को फटकार लगाते हुए कहा कि बिना उचित सत्यापन और सुरक्षा मानकों के कमरा उपलब्ध कराना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने कहा कि पुलिस होटल के रजिस्टर, आईडी प्रूफ और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है।


पुलिस ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।