28 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ, दिव्यांगों को मिली बैट्री चालित ट्राई साइकिल, पुलिस पाठशाला के बच्चों ने दी प्रस्तुति
पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश सह निरीक्षी न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजेश कुमार वर्मा शुक्रवार को दो दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के तहत मुजफ्फरपुर व्यवहार न्यायालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने न्यायालय परिसर की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण करते हुए विभिन्न न्यायालयों में चल रही प्रक्रियाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में न्यायमूर्ति ने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, परिवार न्यायालय, विशेष पॉक्सो कोर्ट-3, विशेष मद्यनिषेध कोर्ट-1 व 2 और विशेष एससी-एसटी कोर्ट समेत अन्य अदालतों का दौरा किया। उन्होंने कोर्ट परिसर स्थित पीएचसी, डिजिटाइजेशन सेंटर, सर्वर रूम, कंप्यूटर सेक्शन और लाइब्रेरी का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

इस दौरान न्यायिक पदाधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित मामलों, न्यायिक कार्यों की गति और आधारभूत सुविधाओं पर चर्चा की गई। साथ ही सिविल कोर्ट के कर्मियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए आवश्यक पहल का आश्वासन दिया।
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान न्यायमूर्ति वर्मा ने न्यायालय परिसर के मुख्य द्वार, फैमिली कोर्ट के नवनिर्मित आवासीय भवन और वाटिका सहित अन्य सुविधाओं का उद्घाटन भी किया।
28 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा एक विशेष समारोह आयोजित किया गया। सचिव तेज कुमार प्रसाद ने न्यायमूर्ति का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
इस दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत कुल 28 लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई। मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तीकरण योजना के तहत 5 लाभार्थियों को बैट्री चालित ट्राई साइकिल दी गई। वहीं अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना और निःशक्तजन विवाह योजना के तहत 5 लाभुकों को आर्थिक सहायता दी गई।
इसके अलावा मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के अंतर्गत 5 लाभार्थियों को स्वरोजगार के लिए चेक वितरित किए गए। आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लोगों को लाभ मिला, जबकि मनरेगा के तहत 8 लाभुकों को जॉब कार्ड प्रदान किया गया।
पुलिस पाठशाला के बच्चों ने बांधा समां
कार्यक्रम में मुजफ्फरपुर पुलिस द्वारा संचालित पुलिस पाठशाला की भी विशेष प्रस्तुति दी गई। एसडीपीओ नगर-2 विनिता सिन्हा ने इस पहल की जानकारी दी।
पुलिस पाठशाला के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। साथ ही उनकी उपलब्धियों पर आधारित एक वीडियो फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
कार्यक्रम में रहे कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्वेता कुमारी सिंह, परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश पियुष प्रभाकर, डीएम सुब्रत कुमार सेन, सिटी एसपी मो. मोहिबुल्लाह अंसारी, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश राजा राम संतोष कुमार सहित कई न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी मोहिनी कुमारी ने किया।
