मुजफ्फरपुर, पारू थाना क्षेत्र में ससुराल जा रहे एक युवक की सोमवार अहले सुबह चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। युवक की पहचान थाना क्षेत्र के बहदीनपुर निवासी सत्यनारायण भगत के पुत्र विजय कुमार (24) के रूप में हुई है। हत्या से आक्रोशित लोगों ने एक आरोपित को भी पीट पीटकर मार डाला है। उसकी पहचान तुर्की के मुन्ना के रूप में हुई है। दूसरे आरोपित मनियारी के सोनू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल पहुंचे एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा के समझाने और अन्य हत्यारे की गिरफ्तारी के आश्वासन पर ग्रामीणों ने पुलिस को दोनों शव सौंप दिए। तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

मालूम हो कि रविवार को मोतीपुर थाना क्षेत्र में भी एक ग्रामीण चिकित्सक की हत्या के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपित की पीट पीटकर हत्या कर दी थी। 24 घंटे के अंदर इस तरह की दूसरी घटना से सनसनी फैल गई है।

बताया जा रहा कि हत्या के एक आरोपित सोनू ने विजय कुमार के साढ़ू अमरेश कुमार को सुबह में फोन किया। उसने बताया कि साहेबगंज के कोआही स्थित ससुराल जाते समय विजय दुर्घटना में घायल हो गया है। उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करने की भी बात कही। सूचना मिलती ही अमरेश अस्पताल पहुंचे। वहां उसे शक हुआ कि मौत हादसे में नहीं हुई है। उसकी हत्या कर दी गई है, मगर उसने इसे हत्यारोपित के सामने यह जाहिर नहीं होने दिया। उसने शव को घर पहुंचाने का आग्रह किया।

शव को लेकर हत्या के चारों आरोपित बहदीनपुर पहुंचे। यहां अमरेश ने हत्या का शक जाहिर कर दिया। खुद को घिरते देख दो आरोपित वहां से भाग निकले। दो को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। एक आरोपित मुन्ना की पीट पीटकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दूसरे हत्यारोपित सोनू को गिरफ्तार कर लिया। इससे उसकी जान बच गई। हत्या के कारणों का पुलिस पता लगा रही। यह अंदाजा लगाया जा रहा कि मृतक का हत्यारोपितों से संपर्क रहा है। इसलिए उसके साढ़ू का मोबाइल नंबर उनके पास था।

इनपुट : जागरण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *