मुजफ्फरपुर। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के क्षेत्रीय कार्यालय की पिछले दीवार से सटे पांच मंजिला मकान के तीसरे तल से गुरुवार की रात एक महिला कूद गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृत महिला की पहचान हाजीपुर इस्माइलपुर के जितेंद्र ठाकुर की पत्नी अनामिका उर्फ ललिता देवी के रूप में हुई है। वह शहर के एक कालेज से पीजी की पढ़ाई कर रही थी। महिला की एक साल पूर्व ही शादी हुई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। उनके द्वारा हत्या की आशंका जताई जा रही थी।

सूचना पर नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के वक्त महिला घर में अकेली थी। यहां क्षेत्रीय कार्यालय के पीछे एक किराये के मकान में रहती थी। पति इमलीचटटी स्थित एक माल में काम करता है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मायके व ससुराल पक्ष से लोग यहां पहुंचे। पूछताछ में पता चला कि पीजी पार्ट वन का फार्म भरने के लिए वह पति के साथ गुरुवार की सुबह यहां आई थी।

जितेंद्र उसे डेरा पर पहुंचाकर काम करने चला गया। चर्चा है कि दिन में दोनों में मारपीट हुई थी। इसके बाद पति माल से काम कर हाजीपुर स्थित घर चला गया। उसका मोबाइल लगातार बंद आया। इससे उसकी भूमिका संदेह के घेरे में आ गई है। महिला के देवर मिथलेश कुमार ने पुलिस को बताया कि उसे फोन पर घटना की सूचना मिली। यहां आने पर देखा कि भाभी खून से लथपथ है। सिर, नाक व कान से खून निकला हुआ था। महिला का मंगल सूत्र भी टूटा मिला। मायका सरैया जैतपुर इलाके के पोखरैरा में है।

प्रभारी नगर थानाध्यक्ष ओम प्रकाश ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तीसरे तल की बालकोनी से कूदने की बात सामने आई है। प्रथमदृष्टया खुदकुशी प्रतीत हो रही। पति, पत्‍‌नी के साथ परिवार के अन्य सदस्यों के मोबाइल का काल डिटेल्स खंगाला जाएगा। इससे कई बातों का पता चलेगा। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारण का सच सामने आएगा। फिलहाल स्वजन की ओर से बयान नहीं दिया गया है। पुलिस आसपास के सीसी कैमरे को खंगाल रही है, ताकि घटना की सत्यता का पता चल सके।

इनपुट : जागरण

Advertisment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *