बिहार के मुजफ्फरपुर में एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कार्यालय से बाइक सवार तीन बदमाशों ने सोमवार की सुबह 21 लाख 42 हजार रुपए लूट लिए। कांटी थाना से करीब 400 मीटर की दूरी पर स्थित कांटी पुराना चौक की घटना है। लूट के दौरान शाखा प्रबंधक समेत दो कर्मियों को चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना सुबह करीब सात बजे की बताई गई है।

लूट की सूचना के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई। फाइनेंस कंपनी के कर्मी की सूचना पर कांटी पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने लूट की राशि को संदिग्ध बताया है। उन्होंने कहा कि बीमा के कारण फाइनेंस कर्मी राशि बढ़ा चढ़ाकर बोल रहे हैं। तहकीकात की जा रही है। बदमाशों के भागने की दिशा में सीसीटीवी कैमरों का वीडियो खंगाला जा रहा है।

घटना को लेकर फाइनेंस कर्मी ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब पौने सात बजे बाइक सवार तीन बदमाश पुराना चौक स्थित कार्यालय पर पहुंचे। इसके बाद पिस्टल भिड़ा कर लॉकर खुलवाया। फिर 27 लाख रुपए लूट लिए व फरार हो गए। घटना के बाद कर्मी ने कांटी पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद थानाध्यक्ष संजय कुमार ने फाइनेंस कंपनी के कार्यालय लाकर छानबीन की।

लूट की रकम ज्यादा होने को लेकर पुलिस फाइनेंस कर्मी की भूमिका को संदिग्ध मान रही है। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि पहले 27 लाख रुपए लूट की सूचना दी गई। बाद में रकम 21 लाख 42 हजार रुपए बताया गया। लूट की जानकारी मिलने के बाद पश्चिमी डीएसपी अभिषेक आनंद ने भी घटनास्थल पर जाकर तहकीकात की।डीएसपी ने बताया कि सभी एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस कंपनी के कर्मियों से इसके बारे में जानकारी ले रही है। लूट की राशि बदल कर बताई जा रही है। अपराधियों के भागने की दिशा में आस पास के सीसीटीवी कैमरे का वीडियो देखा जा रहा है।

Input : live hindustan

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *