गर्दन में रस्सी बंधा मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
जिले के कांटी प्रखंड अंतर्गत पानापुर करियात थाना क्षेत्र के शाहबाजपुर इलाके से मंगलवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तीनों का शव घर के बिस्तर पर मिला, जिनकी गर्दन में रस्सी बंधी हुई थी।
घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। हर कोई इस घटना को लेकर अलग-अलग कयास लगा रहा है। वहीं, मृतकों के स्वजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मृतकों की पहचान संतोष साह उर्फ मिठाईलाल साह की पत्नी रीता देवी (30 वर्ष), तीन माह के पुत्र रुद्रांश और तीन वर्ष की पुत्री वैष्णवी के रूप में हुई है।
परिजनों ने इस घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई है, जबकि स्थानीय सूत्रों के अनुसार पारिवारिक विवाद की बात भी सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि महिला का अपनी गोतनी और सास के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी घरेलू तनाव से परेशान होकर महिला द्वारा बच्चों के साथ आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पानापुर करियात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी है।
वहीं, पश्चिमी डीएसपी और कांटी थानाध्यक्ष भी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू कलह का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच की जा रही है। साथ ही मृतका के परिजनों से भी पूछताछ जारी है।
