सकरा के मड़वन गांव के पास वारदात, 4 साल का मासूम भी घायल, पुलिस को मौके से मिले तीन खोखे
मुजफ्फरपुर से एक बेहद दर्दनाक और खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले के सकरा थाना क्षेत्र के मड़वन गांव के पास लूट की नीयत से बदमाशों ने शादी में जा रहे एक दंपत्ति पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जबकि उनका मासूम बेटा भी जख्मी हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, वैशाली जिले के चिकनौटा गांव निवासी 30 वर्षीय सोहन कुमार अपनी पत्नी श्वेता कुमारी और चार साल के बेटे श्रेयांश के साथ बाइक से ससुराल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सुनसान रास्ते में पहले से घात लगाए दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने दंपत्ति से गहने लूटने की कोशिश की। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने बिना देर किए फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से सोहन कुमार और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, अफरा-तफरी में बाइक से गिरने के कारण उनका छोटा बेटा भी चोटिल हो गया।
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को आनन-फानन में मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही सकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
