मुजफ्फरपुर में सनसनी: ब्रह्मपुरा पोखर से युवती का शव बरामद, एफएसएल टीम जुटी जांच में

मुजफ्फरपुर में सनसनी: ब्रह्मपुरा पोखर से युवती का शव बरामद, एफएसएल टीम जुटी जांच में

सीतामढ़ी की 18 वर्षीय पल्लवी की मौत ने खड़े किए कई सवाल, आत्महत्या या साजिश?

मुजफ्फरपुर शहर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ब्रह्मपुरा पोखर में एक युवती का शव बरामद किया गया। सुबह-सुबह पोखर में शव दिखते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर उमड़ पड़ी और इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।


घटना की सूचना मिलते ही ब्रह्मपुरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं।


प्रारंभिक जांच में मृतका की पहचान सीतामढ़ी जिले के महिंद्रवारा निवासी 18 वर्षीय पल्लवी कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पल्लवी ब्रह्मपुरा इलाके में किराए के मकान में रह रही थी और उसकी शादी की बातचीत चल रही थी।


घटना की खबर मिलते ही युवती के परिजन मौके पर पहुंचे। शव को देखते ही परिवार में कोहराम मच गया और माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष विपिन रंजन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।


फिलहाल पुलिस स्वजन के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।