मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के गरहां ओपी अंतर्गत पटियासा में पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। दरभंगा फोरलेन किनारे स्थित मोहनी ढाबा पर लंबे समय से देह व्यापार का धंधा संचालित किया जा रहा था। पुलिस की छापेमारी में इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, ढाबे के मैनेजर मिथिलेश कुमार द्वारा युवतियों से जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था। इतना ही नहीं, उनका अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर उन्हें बार-बार बुलाया जाता था। इस अवैध धंधे में युवतियों को एक ग्राहक से मात्र 500 से 600 रुपये दिए जाते थे, जबकि आधी रकम मैनेजर खुद रख लेता था।
ढाबे के पीछे इस काले कारोबार के लिए अलग-अलग कमरे बनाए गए थे, जहां ग्राहकों को टोकन सिस्टम के जरिए भेजा जाता था। गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया है कि वह ग्राहकों को टोकन देकर कमरों तक पहुंचाता था, जबकि पूरी डीलिंग मिथिलेश कुमार करता था।
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि अहियापुर थाना और गरहां ओपी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो युवतियों को मुक्त कराया है, जो मीनापुर और तुर्की थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं। मौके से आपत्तिजनक सामान और देह व्यापार से जुड़ी हिसाब-किताब की डायरी भी बरामद की गई है।
पुलिस ने इस मामले में ढाबा मैनेजर मिथिलेश कुमार और अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि ढाबा मालिक उमेश राय को भी नामजद आरोपी बनाया गया है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि सिर्फ पटियासा ही नहीं, बल्कि अहियापुर थाना क्षेत्र में दरभंगा फोरलेन पर सदातपुर मोड़ से लेकर बखरी तक कई जगहों पर इस तरह के अवैध अड्डे संचालित हो रहे हैं। कुछ होटलों और आवासीय लॉज में भी खुलेआम देह व्यापार का धंधा चलने की सूचना है, जहां जोड़ों को घंटों के हिसाब से कमरे उपलब्ध कराए जाते हैं।
पुलिस ने इन सभी ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि पटियासा स्थित इस ढाबे पर पहले भी दो बार सेक्स रैकेट का खुलासा हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद अवैध गतिविधियां जारी थीं।

