मुजफ्फरपुर, सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर अल्कापुरी में मंगलवार की सुबह एक युवक का निर्माणाधीन मकान के अंदर शव मिला। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी। सूचना पर सदर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, जहां उग्र लोगों द्वारा पुलिस के साथ नोकझोंक की गई। मृतक की पहचान उसी इलाके के राहुल कुमार के रूप में हुई है। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बताया गया कि अल्कापुरी में एक निर्माणाधीन मकान उक्त् युवक का शव मिलने के बाद लोगों की जब भीड़ जुटी तो उसके स्वजन भी वहां आए। स्वजन की तरफ से हत्या कर फेंके जाने की बात बताया जा रहा था।
इसके कारण लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। नतीजा पुलिस को भी उग्र लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। छानबीन में पता चला कि राहुल ऑटो चलाता था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण का पता चल सकेगा। वैसे प्रारंभिक जांच में युवक के गले पर जख्म के निशान मिले है। मुुंह से झाग निकल रहा था। आशंका जताई जा रही कि मारपीट कर उसकी हत्या की गई है। मामले में स्वजन का बयान दर्ज करने में पुलिस जुटी है। आसपास के लोगों व स्वजनों से उसकी गतिविधि के बारे में पता किया जा रहा है।
गड्ढ़े में पलटा मिला नया ट्रैक्टर
बहेड़ा थानाक्षेत्र के जरिसो धोबियाही पुल के निकट रविवार को सड़क किनारे गड्ढ़े में एक ट्रैक्टर पलटा हुआ मिला है। हालांकि, ट्रैक्टर किसका है यह अभी तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि, ट्रैक्टर के नया होने के कारण लोग तरह-तरह की बात कर रहे हैं। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी है। थानाध्यक्ष रंजीत चौधरी ने बताया कि सूचना पर चौकीदार को तैनात कर दिया गया है।
इनपुट : जागरण