मुरौल (मुजफ्फरपुर)। प्रखंड की बिशनपुर बखरी पंचायत के दर्जी टोला स्कूल के पास स्थित बलुआ पोखर में शनिवार को एक किशोर का सड़ा-गला शव उपलाता मिला। कपड़ों से मृतक की पहचान बिशनपुर बखरी गांव निवासी राम कुमार राय के 13 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार के रूप में की गई। वह 14 अक्टूबर को दशहरा मेला घूमने घर से निकला था। तीन दिनों से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। सुबह करीब आठ बजे घर से एक किलोमीटर दूर पोखर में शव मिला।

मृत शिवम के पिता राम कुमार राय ने हत्या कर शव पोखर फेंकने की आशंका जताई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि शिवम बखरी बुनियादी विद्यालय में सातवीं कक्षा का छात्र था। नवमी को शाम करीब सात बजे घर से गांव के ठाकुरबाड़ी पर मेला देखने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। उसकी तलाश में परिजन जगह-जगह भटकते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला मिला। तीसरे दिन शव पोखर में उपलाता मिला। मृतक के पिता ने बताया कि पुत्र के सभी दांत टूटे हैं। शरीर पर कई जगह जख्म के निशान हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि हत्या करने के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए अपराधियों ने शव पर तेजाब डाल दिया था।

वहीं, सकरा थानाध्यक्ष सरोज कुमार ने बताया कि छात्र का शव पोखर में उपलाता मिला है। हत्या व तेजाब डालने की आशंका है। पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा की हत्या कैसे की गई है और तेजाब डाला गया है या नहीं। पुलिस सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। अबतक मृत छात्र के परिजनों से आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलते ही केस दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

शव मिलने के बाद साथी गायब

राम कुमार राय ने पुलिस को बताया कि शिवम गांव के ही एक साथी के साथ मेला घूमने गया था। पुत्र के घर नहीं लौटने पर उसके साथी ने बताया कि वह दोनों रात आठ बजे तक साथ थे। इसके बाद शिवम कहां गया, उसे पता नहीं। शनिवार को शव मिलने के बाद शिवम का साथी गांव से गायब है।

पिता ने लड़ा था वार्ड सदस्य का चुनाव

शिवम के पिता राम कुमार राय ने वार्ड सदस्य का चुनाव लड़ा था। इसमें वह हार गए थे। वह दूसरे स्थान पर रहे थे। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाए हैं। बता दें कि राम कुमार राय पेशे से बोलेरो चालक हैं। शिवम दो भाई था। सबसे बड़ी एक बहन भी है।

Input : Live hindustan

3 thoughts on “मुजफ्फरपुर : मेला घूमने गए छात्र का पोखर मे मिला शव, हत्या व तेजाब डालने की आशंका”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *