अक्षरा सिंह भोजपुरी इंडस्ट्री की दमदार अभिनेत्री हैं, जो अपने धाकड़ अंदाज के लिए जानी जाती हैं लेकिन अब अक्षरा ने कुछ ऐसा कर दिखाया है, जिसके बाद फैंस उनकी दरियादिली की तारीफ कर रहे हैं।
हाल ही में, अक्षरा सिंह पटना की मशहूर ग्रेजुएट चायवाली की दुकान पर पहुंचीं। यह दुकान पटना के बोरिंग कैनाल रोड पर है, जिसे प्रियंका नाम की लड़की लगाती है। अक्षरा सिंह ने इस दुकान पर पहुंकर चाय पी और प्रियंका से ढेर सारी बातें भी कीं।
अक्षरा सिंह जब चाय की दुकान पर पहुंचीं, तो उन्हें देखने के लिए भीड़ लग गईं। फैंस अभिनेत्री के साथ सिर्फ एक सेल्फी लेना चाहते थे। दूसरी तरफ अक्षरा ने दुकान पर पहुंचकर अपना सारा समय प्रियंका को दिया और उनके हाथ से बनी चाय की जमकर तारीफ की। इतना ही नहीं, अक्षरा ने प्रियंका को चाय के लिए 2100 रुपये दिए। अभिनेत्री के इस कदम की अब फैंस सोशल मीडिया पर खूब तारीफ कर रहे हैं।
इस मौके पर अक्षरा सिंह ने प्रियंका का हौंसला भी बढ़ाया। अभिनेत्री ने कहा, ‘सिर्फ बिहार की लड़कियों को ही नहीं बल्कि हर लड़की को खुद पर इतना भरोसा करना चाहिए और डट कर हमेशा खड़े रहना चाहिए। वहीं, दूसरी तरफ यूं अचानक अक्षरा सिंह से मिलने पर प्रियंका भी काफी खुश हैं। उनका कहना है कि यह मेरे लिए सरप्राइज था। बहुत अच्छा लगा। मैंने अक्षरा सिंह के कई सारे गाने सुने हैं।
बता दें कि अक्षरा सिंह भोजपुरी इंडस्ट्री की क्वीन हैं। वह अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने कई हिट फिल्मों में काम किया है और उनके गानों का भी फैंस इंतजार करते हैं। अक्षरा रियलिटी शो बिग बॉस ओटीटी में नजर आ चुकी हैं। शो में मिलिंद गाबा संग उनकी दोस्ती को खूब पसंद किया गया था।
इनपुट : अमर उजाला
Advertisment


