नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने मुजफ्फरपुर जेल के बारे में आरोप लगाया कि वहां महिला कैदी का यौन शोषण होता है। उन्होंने कहा कि वहां की एक महिला कैदी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी( Prime Minister Narendra Modi) को पत्र लिखकर जेल का हाल बताया है। पत्र में कहा गया है कि जेल के अंदर महिलाओं से शारीरिक संबंध बनाया जाता है। जो महिलाएं इसका विरोध करती हैं, उन्हें भूखा रखा जाता है। राजद कार्यालय में सदस्यता अभियान पर बैठक के बाद तेजस्वी मीडिया से बात कर रहे थे।

बुलडोजर मामले पर तेजस्वी ने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और विकास के बदले अभी देश में बुलडोजर और लाउडस्पीकर पर बात हो रही है। किसानों-मजदूरों की बात नहीं हो रही है। आम लोगों को गुमराह किया जा रहा है। जनहित के मुद्दों से जनता को भटकाया जा रहा है। तेजस्वी ने कहा कि लाउडस्पीकर के बारे में तर्क दिया जा रहा है कि उससे नींद में खलल पड़ती है। किंतु बेरोजगारों की जिंदगी बर्बाद हो रही है, उसपर कोई नहीं बोल रहा है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि सदस्यता अभियान के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए हम संकल्पित हैैं। सिर्फ चुनाव के समय जागने से काम नहीं चलेगा। हर वक्त सचेत रहना होगा। पार्टी के लिए काम करना होगा। तेजस्वी ने कहा कि लालू प्रसाद के विचारों से सारे लोग जुडऩा चाहते हैं। राजद से एटूजेड को जोडऩे के लिए सबसे संवाद करना होगा। घर-घर पहुंचना होगा। जमीन पर काम करने की गंभीरता दिखानी होगी। जवाबदेही लेनी होगी। जो भी सदस्य बनें उन्हें एहसास हो कि पार्टी द्वारा उन्हें सम्मान दिया जा रहा है।

तेजप्रताप की ओर से मीडिया कर्मियों को भेजे गए नोटिस के बारे में तेजस्वी ने कहा कि यह व्यक्तिगत मामला है। किसी निर्दोष को डरने की जरूरत नहीं। इफ्तार पार्टी में राजद कार्यकर्ता के साथ पिटाई के मामले में उन्होंने कहा कि इसपर बात हुई है। समय आने पर सही निर्णय लिया जाएगा।

इनपुट : जागरण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *