पारू (मुजफ्फरपुर), देवरिया थाना क्षेत्र के धरफरी गांव में दहेज में बाइक व सोने की चेन नहीं मिलने पर महज एक वर्ष पूर्व ब्याही नवविवाहिता की ससुराल वालों ने हाथ व पैर का नस काटकर हत्या कर दी। फिर शव को फंदे से लटका दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतका की विधवा मां ने देवरिया पुलिस को सूचित किया और पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया।

मृतका की मां पारू थाना कर्मवारी निवासी वार्ड सदस्य रीचा देवी ने थाना परिसर में बताया कि 30 नवंबर 2020 को अपनी पुत्री रूपम कुमारी (20) की शादी धरफरी निवासी रितेश पांडेय से की थी। शादी के छठे दिन बाद से मेरे दामाद रितेश, समधन मालती देवी और मेरी पुत्री की ननद रूचि मिश्रा दहेज में बाइक और सोने की चेन की मांग करने लगे।

छह माह पूर्व प्रताडऩा के खिलाफ पंचायती भी हुई थी जिसमें लड़के पक्ष ने सही सलामत रखने का बांड बनाया था। बावजूद बाइक और सोने की चेन नहीं देने पर मेरी पुत्री की हत्या करने की धमकी दी जाती रही। मृतका की मां ने बताया कि हत्या के आधा घंटे पहले देवरिया पुलिस को मेरी बेटी ने फोन पर आशंका जताई थी। हत्या की आशंका जताते हुए दो माह पूर्व देवरिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। बुधवार को तीनों ने मिलकर मेरी पुत्री से मारपीट की। पैर और हाथ का नस तेज हथियार से काट दिया। फिर घर में ही फंदे से लटका कर हत्या कर दी। थानाध्यक्ष संजय स्वरूप ने बताया कि प्राथमिकी की प्रक्रिया चल रही है। हत्यारे घर छोड़ कर फरार हंै जिनकी गिरफ्तारी को छापेमारी की जा रही है।

बोलेरो पर लदी शराब के साथ दो धराए

औराई (मुजफ्फरपुर), संस : थाना क्षेत्र अंतर्गत बागमती परियोजना दक्षिणी बांध पर बेनीपुर के समीप गुप्त सूचना के आधार पर औराई पुलिस ने घेराबंदी कर बोलेरो पर लदी 55 लीटर शराब के साथ चालक व धंधेबाज को गिरफ्तार किया है। चालक नवीन कुमार व धंधेबाज रूपेश कुमार बताया गया है। वहीं, धंधेबाज दिलचंद राय पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि बोलेरो को जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपित को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। वहीं, फरार आरोपित की गिरफ्तारी को छापेमारी की जा रही है।

इनपुट : जागरण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *