कांटी में ‘सद्भाव यात्रा’ की गूंज: निशांत कुमार के स्वागत को लेकर जदयू का शक्ति प्रदर्शन

कांटी में ‘सद्भाव यात्रा’ की गूंज: निशांत कुमार के स्वागत को लेकर जदयू का शक्ति प्रदर्शन

मुजफ्फरपुर के कांटी विधानसभा क्षेत्र में रविवार 3 मई को जदयू नेता निशांत कुमार के आगमन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। उनके स्वागत को ऐतिहासिक बनाने के लिए जदयू विधायक अजीत कुमार ने कार्यकर्ताओं के साथ व्यापक तैयारी शुरू कर दी है।


शनिवार को नगर परिषद क्षेत्र के किशुनगर वार्ड संख्या 5, एनएच-27 के समीप राजकुमार चौधरी के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्वागत कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी देखी गई।


विधायक अजीत कुमार ने बताया कि नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार 3 मई से “सद्भाव यात्रा” की शुरुआत करेंगे। वे पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर जाते समय कांटी पहुंचेंगे, जहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।


उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं और आम लोगों में जबरदस्त उत्साह है। किशुनगर एनएच-27 पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर उनका अभिनंदन करेंगे।


बैठक में मुख्य पार्षद दिलीप कुमार सहित कई स्थानीय नेता और जदयू कार्यकर्ता मौजूद रहे। यह आयोजन क्षेत्र में जदयू की सक्रियता और संगठनात्मक मजबूती का बड़ा संकेत माना जा रहा है।