मुजफ्फरपुर: होली के दौरान शहर के अहियापुर थाना क्षेत्र में फायरिंग की घटना सामने आई है। कोल्हुआ इलाके में दो गुटों के बीच हुए विवाद के दौरान चली गोली में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान लश्करीपुर निवासी आयुष कुमार के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद उसे आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे आईसीयू में भर्ती कर इलाज शुरू किया। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ टू विनिता सिन्हा अस्पताल पहुंचीं और घायल युवक से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने आरोपितों के नाम-पते की जानकारी लेकर मामले की त्वरित जांच के निर्देश दिए। साथ ही अहियापुर थानाध्यक्ष रोहन कुमार को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आदेश दिया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर घटना की वास्तविकता जानने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तीन युवकों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
घायल आयुष कुमार ने बताया कि वह अपने रास्ते से गुजर रहा था, तभी अचानक दो गुटों के बीच विवाद बढ़ गया और फायरिंग शुरू हो गई। इसी दौरान एक गोली उसकी कमर के पास लग गई, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। उसका इलाज कर रहे डॉक्टर प्रांजल ने बताया कि मरीज की हालत फिलहाल स्थिर है और डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है। एसडीपीओ ने कोल्हुआ और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता बढ़ा दी है, हालांकि पुलिस की सक्रियता से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।

