मुजफ्फरपुर जिले के रामपुरहरि थाना क्षेत्र स्थित कोईली भराव गांव में रविवार रात बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान भराव निवासी 30 वर्षीय रंधीर कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस वारदात में सुपारी किलर के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि रंधीर कुमार पोल्ट्री फार्म का व्यवसाय करते थे और भराव चौक पर पान की दुकान भी चलाते थे। रविवार की रात वह अपनी पान दुकान बंद कर बाइक से सब्जी और अन्य सामान लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उनका पीछा किया और सुनसान जगह पर गोली मार दी।
हमले में रंधीर कुमार के बांह में दो गोली और एक गोली दाहिनी ओर सीने में लगी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए एसकेएमसीएच पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी चिंटू देवी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनके पति को मोबाइल पर जान से मारने की धमकी मिल रही थी, हालांकि इस संबंध में थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। घटना के बाद रंधीर का मोबाइल भी मौके से गायब बताया जा रहा है, जबकि उनकी बाइक और अन्य सामान घटनास्थल पर ही मिला।
सूचना मिलने पर एसडीपीओ पूर्वी-1 अलय वत्स और रामपुरहरि थानाध्यक्ष शिवेंद्र नारायण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटनास्थल से पुलिस ने दो खोखा बरामद किया है। एफएसएल की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक मुन्ना यादव समेत कई स्थानीय नेता और जनप्रतिनिधि एसकेएमसीएच पहुंचे। वहीं मुखिया रामदेनी प्रसाद, पूर्व जिला पार्षद मिथिलेश यादव, सरपंच नवल राय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण भी अस्पताल पहुंच गए।
परिजनों और ग्रामीणों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है। मृतक के चचेरे भाई शशिरंजन कुमार ने बताया कि रंधीर की किसी से प्रत्यक्ष दुश्मनी की जानकारी परिवार को नहीं थी।
इस मामले में एसडीपीओ पूर्वी-1 अलय वत्स ने बताया कि बदमाशों ने रंधीर कुमार की गोली मारकर हत्या की है। शुरुआती जांच में दुश्मनी की आशंका सामने आ रही है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और परिजनों से पूछताछ कर हत्या के वास्तविक कारण का पता लगाया जा रहा है।

