वायरल वीडियो से मचा हड़कंप: 5 हजार की घूस लेते पकड़े गए दारोगा, SSP ने किया सस्पेंड

वायरल वीडियो से मचा हड़कंप: 5 हजार की घूस लेते पकड़े गए दारोगा, SSP ने किया सस्पेंड

मुजफ्फरपुर जिले में पुलिस महकमे की कार्यशैली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बंदरा प्रखंड के पीयर थाना में तैनात अपर थानेदार अभिनंदन कुमार का कथित रूप से घूस लेते वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई एसडीपीओ पूर्वी-2 मनोज कुमार सिंह की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।


वायरल वीडियो में दारोगा अभिनंदन कुमार बेहद अनौपचारिक स्थिति में नजर आ रहे हैं। वे गंजी और हाफ पैंट में कुर्सी पर बैठे हुए हैं, जबकि उनका एक कथित बिचौलिया पास ही दूसरी कुर्सी पर मौजूद है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक पैसे लेकर आता है और पहले बिचौलिए को देता है। बिचौलिया रुपये गिनने के बाद दारोगा को सौंप देता है।

https://x.com/i/status/2041185554776338679


वीडियो के साथ यह दावा किया जा रहा है कि यह रकम एक आरोपी को केस डायरी में मदद देने के एवज में ली गई। बताया जा रहा है कि जिस व्यक्ति से पैसे लिए गए, वह सीताराम नामक आरोपी का करीबी शत्रुघ्न राम है। वीडियो में यह भी सुनाई देता है कि आरोपी को अगले दिन कोर्ट में पेश किया जाएगा और समय से पहुंचने की हिदायत दी जा रही है। हालांकि, इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है।


मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल जांच के आदेश दिए। एसडीपीओ मनोज कुमार सिंह ने जांच के दौरान वीडियो में दिख रहे कथित बिचौलिया और पैसे देने वाले युवक का बयान दर्ज किया। जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद एसएसपी ने दारोगा को सस्पेंड कर दिया।


गौरतलब है कि हाल ही में मुजफ्फरपुर में ही एक अन्य दारोगा सदरे आलम को घूस लेते पकड़े जाने के मामले में बर्खास्त किया गया था। इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं पुलिस विभाग की छवि को धूमिल कर रही हैं।


इस कार्रवाई से एक ओर जहां विभाग में सख्ती का संदेश गया है, वहीं आम जनता में यह उम्मीद भी जगी है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। फिलहाल, पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।