मुजफ्फरपुर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में वैशाली जिले के दो प्रतिभाशाली युवाओं ने शानदार सफलता हासिल कर जिले और बिहार का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि पर तिरहुत प्रमंडल के प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने आयुक्त कार्यालय सभागार में दोनों सफल अभ्यर्थियों को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वैशाली जिले के बिदुपुर प्रखंड के दिलावरपुर निवासी उज्जवल प्रियांक ने सिविल सेवा परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 10वीं रैंक प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। वहीं हाजीपुर प्रखंड के दिग्घी निवासी अभिषेक चौहान ने 102वीं रैंक प्राप्त कर जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
सम्मान समारोह के दौरान आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने दोनों अभ्यर्थियों की कड़ी मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता केवल उनके परिवार ही नहीं बल्कि पूरे समाज और राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
आयुक्त ने इस सफलता के पीछे माता-पिता और अभिभावकों के संघर्ष, त्याग और सहयोग की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि परिवार का सकारात्मक वातावरण और समर्थन युवाओं को बड़ी उपलब्धियां हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त तथा अपर समाहर्ता सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। सभी अधिकारियों ने दोनों सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। दोनों युवाओं की सफलता से वैशाली सहित पूरे तिरहुत प्रमंडल में खुशी और गर्व का माहौल है।
