मुजफ्फरपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: आमने-सामने की टक्कर में दो की मौत, बस चालक फरार

मुजफ्फरपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: आमने-सामने की टक्कर में दो की मौत, बस चालक फरार

मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार बस और कार की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की वजह ओवरटेक करना बताई जा रही है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ‘जय माता दी’ नामक यात्री बस बेतिया और अरेराज से सवारियां लेकर पटना की ओर जा रही थी। लालू छपरा के पास बस चालक ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान सामने से आ रही दिल्ली नंबर की कार से बस की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।


हादसे में पश्चिम चंपारण के बहुआरा लक्ष्मीपुर निवासी भानु प्रताप द्विवेदी और मठिया इलाके के रहने वाले ओमप्रकाश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।


दुर्घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। कार में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही पारू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गैस कटर की मदद से क्षतिग्रस्त कार को काटकर शवों को बाहर निकाला गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेज दिया गया है।


पुलिस ने हादसे में शामिल बस को जब्त कर लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रभारी थानेदार आलोक कुमार यादव ने बताया कि दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर नियंत्रित कर लिया गया। पूरे मामले की जांच जारी है।