मुजफ्फरपुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। तेज रफ्तार का कहर गुरुवार देर रात दो जिंदगियों को लील गया। देवरिया थाना क्षेत्र के एकमा चौक स्थित वैशाली नहर में एक कार अनियंत्रित होकर गिर गई, जिसमें बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (JE) सन्नी कुमार और विभागीय स्टाफ अफजल कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, दोनों गुरुवार देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच कार से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान पुल पर तेज रफ्तार—करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे—के कारण चालक का नियंत्रण कार से हट गया। कार पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरी। हादसे के वक्त अंधेरा होने और आसपास किसी की मौजूदगी नहीं होने के कारण तत्काल मदद नहीं मिल सकी। पूरी रात कार नहर में डूबी रही।
नहर में पानी का स्तर काफी ऊंचा था। तेज पानी के दबाव के कारण दोनों कार के गेट नहीं खोल पाए। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार के अंदर ही दम घुटने से दोनों की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह जब ग्रामीणों ने नहर में गिरी कार को देखा, तब हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
काफी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से कार को नहर से बाहर निकाला गया। कार के फ्रंट सीट पर JE सन्नी कुमार और पीछे की सीट पर अफजल कुमार का शव मिला। कार के अंदर का सामान बिखरा हुआ था और शीशे पर दरारें थीं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों ने आखिरी वक्त तक बाहर निकलने की कोशिश की। पीछे की सीट के हैंडल टूटे हुए मिले हैं।
मृतक सन्नी कुमार की मार्च महीने में शादी तय थी। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था, जिससे परिवार में मातम पसरा हुआ है। दोनों मृतक मिठनपुरा थाना क्षेत्र में रहकर ड्यूटी करते थे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए SKMCH भेज दिया है।
देवरिया थानाध्यक्ष मनोज कुमार साह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह सड़क हादसा प्रतीत होता है। कार की स्पीड और हादसे के समय की जांच की जा रही है। परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

