मुजफ्फरपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने प्यार, जुनून और परिवार के बीच की जंग को सरेआम दिखा दिया। पारू थाना क्षेत्र के धरफरी वार्ड नंबर-9 निवासी अनीश कुमार ने प्रेमिका से मिलने की जिद में बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे मुजफ्फरपुर जंक्शन के दक्षिणी द्वार के पास स्थित 300 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़कर हड़कंप मचा दिया।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि युवक ने खुद ही डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी और साफ चेतावनी दी—अगर उसकी प्रेमिका को मौके पर नहीं बुलाया गया, तो वह कूदकर जान दे देगा। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई और पूरा इलाका ‘हाई वोल्टेज ड्रामा’ का लाइव सीन बन गया।

जानकारी के मुताबिक, अनीश एक महीने पहले ही पुणे से लौटा था, जहां वह टाइल्स की दुकान में मजदूरी करता था। मंगलवार को वह दोबारा पुणे जाने के लिए घर से निकला, लेकिन अगले ही दिन इस तरह का कदम उठाकर सबको हैरान कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक देवरिया की एक लड़की से प्रेम करता है और उसी को बुलाने की जिद पर अड़ा था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घंटों तक समझाने-बुझाने का दौर चलता रहा, लेकिन युवक अपनी जिद पर अड़ा रहा। हालात तब बदले, जब उसकी मां मौके पर पहुंची। मां ने बेटे से भावुक अपील की—और आखिरकार ममता जीत गई।

करीब दोपहर 3:30 बजे अनीश टावर से नीचे उतर आया, जिसके बाद पुलिस और वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। यह घटना सिर्फ एक सनसनीखेज खबर नहीं, बल्कि युवाओं में बढ़ती भावनात्मक अस्थिरता और रिश्तों में बढ़ते दबाव की भी एक बड़ी तस्वीर पेश करती है।
