तिरहुत के नए आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने संभाला पदभार, निरीक्षण में सख्ती—अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवाई

तिरहुत के नए आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने संभाला पदभार, निरीक्षण में सख्ती—अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवाई

मुजफ्फरपुर | 02 जनवरी 2026


तिरहुत प्रमंडल के नवपदस्थापित आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने शुक्रवार को आयुक्त कार्यालय, मुजफ्फरपुर में विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण समारोह सादगीपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुजफ्फरपुर के जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन, आयुक्त के सचिव संदीप शेखर प्रियदर्शी सहित आयुक्त कार्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


पदभार ग्रहण के बाद आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने प्रमंडलवासियों को नववर्ष 2026 की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नया वर्ष सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और शांति लेकर आए, यही उनकी कामना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तिरहुत प्रमंडल की जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय, सक्रियता और टीम भावना के साथ कार्य करेंगे।


आयुक्त ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोक शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि शिकायतों का केवल औपचारिक निपटारा नहीं, बल्कि उनका वास्तविक और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन किया जाए, ताकि जनता का प्रशासन पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।


गिरिवर दयाल सिंह ने सरकार की नीतियों एवं योजनाओं को पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ लागू करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि लोक कल्याणकारी राज्य की अवधारणा को साकार करने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। साथ ही, ‘विकसित बिहार’ के संकल्प को पूरा करने के लिए सामूहिक और समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।


पदभार ग्रहण के पश्चात आयुक्त ने आयुक्त कार्यालय के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण, साफ-सफाई, कर्मचारियों की उपस्थिति और जनसुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कुछ स्थानों पर व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता बताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही, कार्यालयीय कार्यों में तकनीक के अधिकतम उपयोग, फाइलों के शीघ्र निष्पादन तथा कार्य संस्कृति में अनुशासन और संवेदनशीलता लाने पर जोर दिया।


निरीक्षण के क्रम में आयुक्त कार्यालय के अंतर्गत विभिन्न विभागों में तीन अधिकारी अनुपस्थित पाए गए, जिसे गंभीरता से लेते हुए प्रमंडलीय आयुक्त ने उनसे स्पष्टीकरण मांगने तथा संबंधित तिथि का वेतन स्थगित करने का निर्देश दिया।

अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों में—
• उपनिदेशक, कल्याण
• उपनिदेशक, सांख्यिकी
• क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी
शामिल हैं।

आयुक्त गिरिवर दयाल गिरिवर दयाल सिंह ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर कार्यालय में उपस्थित रहने तथा सरकारी दायित्वों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के प्रति जवाबदेही और सरकारी कार्यों की प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण आगे भी निरंतर और प्रभावी रूप से जारी रहेगा।


अंत में आयुक्त ने कहा कि तिरहुत प्रमंडल के समग्र विकास, कानून-व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वे पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए टीमवर्क की भावना से काम करने की अपील की, ताकि तिरहुत प्रमंडल विकास की नई ऊंचाइयों को छू सके।