दीघा–पहलेजा चेक पोस्ट के पास तिरहुत स्नातक एमएलसी की गाड़ी को ट्रक ने मारी टक्कर, साजिशन हमले का आरोप

दीघा–पहलेजा चेक पोस्ट के पास तिरहुत स्नातक एमएलसी की गाड़ी को ट्रक ने मारी टक्कर, साजिशन हमले का आरोप

दीघा–पहलेजा चेक पोस्ट के पास एक गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी बंशीधर ब्रजवाशी की गाड़ी को एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। प्रथम दृष्टया यह घटना सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि साजिश के तहत जानलेवा हमला प्रतीत हो रही है।

हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय एमएलसी बंशीधर ब्रजवाशी वाहन में मौजूद नहीं थे। वे अपनी पत्नी के इलाज के लिए दिल्ली जाने हेतु पहले ही ट्रेन से रवाना हो चुके थे। पटना जंक्शन पर गाड़ी छोड़ने के बाद उनके अंगरक्षक और चालक वाहन से मुजफ्फरपुर लौट रहे थे, इसी दौरान दीघा–पहलेजा चेक पोस्ट के पास यह हादसा हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक ने अचानक तेज रफ्तार में एमएलसी की गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का एयरबैग खुल गया, जिससे उसमें सवार चालक और अंगरक्षक की जान बच सकी। हालांकि गाड़ी को भारी क्षति पहुंची है।

घटना की सूचना तत्काल सारण के पुलिस अधीक्षक (SP) को दे दी गई है। इस मामले ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर इसलिए क्योंकि दीघा पुल पर ट्रकों के आवागमन पर स्पष्ट रूप से प्रतिबंध है। इसके बावजूद ट्रक का वहां मौजूद होना और इस तरह की टक्कर होना प्रशासनिक लापरवाही या किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है।

एमएलसी समर्थकों और स्थानीय लोगों ने इस घटना को साजिशन हमला बताते हुए निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और ट्रक चालक व वाहन से जुड़े तथ्यों की छानबीन की जा रही है।

फिलहाल यह मामला तिरहुत और बिहार की राजनीति में हलचल मचा रहा है। अब देखना यह होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और साजिश के आरोपों की सच्चाई क्या है।
तिरहुत नाउ इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।