मुजफ्फरपुर | 16 जनवरी 2026
पुलिस अवर निरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) पद की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचार-मुक्त ढंग से संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन ने सख्त और व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा 18 जनवरी और 21 जनवरी 2026 को जिले के 27 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 10 बजे से 12 बजे तक और दूसरी पाली अपराह्न 2:30 बजे से 4:30 बजे तक होगी।
परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिलाधिकारी ने समाहरणालय सभागार में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की विस्तृत ब्रीफिंग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा आयोग की गाइडलाइन के अनुसार पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ आयोजित की जाएगी तथा किसी भी स्तर की लापरवाही या कदाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। अभ्यर्थियों की कड़ी फ्रिस्किंग के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला पुलिसकर्मी ही लेंगी। मोबाइल फोन या किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पकड़े जाने पर अभ्यर्थी को तत्काल परीक्षा से वंचित कर दिया जाएगा।
प्रवेश पत्र और वैध फोटो पहचान पत्र के बिना किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए जाएंगे। साथ ही, निर्धारित सीट या केंद्र के अलावा कहीं और बैठकर परीक्षा देने पर अभ्यर्थी को अयोग्य घोषित किया जाएगा।
विधि-व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को सौंपी गई है। जिलाधिकारी ने परीक्षार्थियों से समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने और सभी नियमों का पालन करने की अपील की है।

