आरजेडी विधायक के ड्राइवर की रहस्यमय मौत से सनसनी, घर के अंदर मिला शव; गर्दन और हाथ पर मिले निशान

आरजेडी विधायक के ड्राइवर की रहस्यमय मौत से सनसनी, घर के अंदर मिला शव; गर्दन और हाथ पर मिले निशान

मुजफ्फरपुर: जिले के पारू थाना क्षेत्र के बिशनपुर गोपाल गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सूरज कुमार (30) के रूप में हुई है, जो शंकर प्रसाद राय के ड्राइवर के रूप में काम करता था। उसका शव घर के अंदर मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।


बताया जा रहा है कि सूरज कुमार होली के त्योहार को लेकर कुछ दिनों की छुट्टी पर अपने गांव आया हुआ था। इसी दौरान घर के अंदर उसका शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के गर्दन और हाथ पर गहरे निशान पाए गए हैं, जिससे ग्रामीणों और परिवार के लोगों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।


घटना की खबर फैलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। वहीं पति की मौत की सूचना मिलते ही उसकी पत्नी रंभा देवी की हालत बिगड़ गई और वह बेसुध हो गईं। मृतक का ससुराल सरैया थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव में है। सूचना मिलते ही ससुराल पक्ष के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए।


मामले की सूचना मिलते ही पारू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए सरैया एसडीपीओ गरिमा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।


पुलिस ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस इस मामले को हर एंगल से जांच रही है।


हालांकि अब तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हत्या व आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।


पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए श्री कृष्णा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।