नगर परिषद में भारी वाहनों पर सख्ती, आरओबी निर्माण अनियमितता की जांच के आदेश

नगर परिषद में भारी वाहनों पर सख्ती, आरओबी निर्माण अनियमितता की जांच के आदेश

कांटी। नगर परिषद कांटी क्षेत्र में भारी वाहनों के अनियंत्रित परिचालन पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कांटी विधायक एवं पूर्व मंत्री अजीत कुमार की पहल पर जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पदाधिकारी, पश्चिमी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। डीएम ने तीन दिनों के भीतर की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है।


विधायक अजीत कुमार ने अपने पत्र में उल्लेख किया था कि नगर परिषद क्षेत्र में लगातार भारी वाहनों के परिचालन से प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। खासकर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए सड़क पार करना बेहद जोखिमभरा हो गया है। इसके साथ ही, आए दिन लगने वाले जाम से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।


इसी क्रम में कांटी रेलवे स्टेशन के समीप निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) में अनियमितता के गंभीर आरोपों पर भी जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं। विधायक की शिकायत पर जिलाधिकारी ने बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के वरीय परियोजना अभियंता को पत्र भेजकर मामले की विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।


प्रशासनिक स्तर पर जारी इन सख्त निर्देशों से उम्मीद की जा रही है कि कांटी को जल्द ही भारी वाहनों की समस्या से राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था पहले से अधिक सुचारु और सुरक्षित हो सकेगी।