मुजफ्फरपुर में छिनतई गैंग का पर्दाफाश: 5 बदमाश गिरफ्तार, जेवर-वाहन समेत कई सामान बरामद

मुजफ्फरपुर में छिनतई गैंग का पर्दाफाश: 5 बदमाश गिरफ्तार, जेवर-वाहन समेत कई सामान बरामद

मुजफ्फरपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां पुलिस ने छिनतई की वारदातों को अंजाम देने वाले एक सक्रिय गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया है। अहियापुर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही घटनाओं से परेशान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. इकबाल, मो. आबिद, मो. मुन्ना (तीनों अहियापुर थाना क्षेत्र) और मो. सोनू व अनिश कुमार (दोनों बोचहां थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है। पुलिस की मानें तो ये सभी आरोपी इलाके में कई छिनतई की घटनाओं में शामिल रहे हैं और पूछताछ में इन्होंने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है।


पुलिस ने आरोपियों के पास से छिनतई में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल, एक कार, एक मोबाइल फोन के साथ-साथ बड़ी मात्रा में जेवरात बरामद किए हैं। इनमें सोने की तीन हुमानी, एक ठेला, आठ नथिया, कान का टॉप, दो जोड़ी झुमका और तीन जोड़ी बालियां शामिल हैं।


एसडीपीओ टाउन-2 विनिता सिन्हा ने प्रेस वार्ता में बताया कि 10 मार्च को अहियापुर में टेंपो से जा रही एक महिला से जेवरों से भरा बैग छीन लिया गया था। इसी मामले की जांच के दौरान पुलिस ने विशेष टीम गठित कर इस पूरे गिरोह का खुलासा किया।


पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में पुलिस की सतर्कता और सक्रियता को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है। फिलहाल पुलिस अन्य संभावित घटनाओं में इनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।