मुजफ्फरपुर। जिले में लगातार पड़ रही कड़ाके की ठंड और गिरते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अत्यधिक ठंड से बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव की आशंका को ध्यान में रखते हुए जिला दंडाधिकारी ने कक्षा 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगा दी है।
जिला दंडाधिकारी मुजफ्फरपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों, प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में कक्षा 8 तक की पढ़ाई पर 10 जनवरी 2026 तक रोक रहेगी। यह आदेश 8 जनवरी से प्रभावी होगा। हालांकि, कक्षा 8 से ऊपर की कक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक संचालित की जा सकेंगी।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ठंड के कारण बच्चों के जीवन और स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोपरि है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत यह निर्णय लिया गया है। विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि शैक्षणिक गतिविधियों का पुनर्निर्धारण आदेश के अनुरूप करें। वहीं, बोर्ड परीक्षाओं या पूर्व निर्धारित विशेष कक्षाओं पर यह आदेश लागू नहीं होगा।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आदेश के सख्त अनुपालन के निर्देश दिए हैं। शिक्षा विभाग, पुलिस प्रशासन और प्रखंड स्तर के अधिकारियों को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ठंड के इस प्रकोप के बीच प्रशासन का यह कदम अभिभावकों और छात्रों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे ठंड से बचाव के सभी आवश्यक उपाय अपनाएं और बच्चों का विशेष ध्यान रखें।

