भीषण ठंड का कहर: मुजफ्फरपुर में 5 से 7 जनवरी तक आठवीं कक्षा तक सभी स्कूल बंद

भीषण ठंड का कहर: मुजफ्फरपुर में 5 से 7 जनवरी तक आठवीं कक्षा तक सभी स्कूल बंद

मुजफ्फरपुर | 4 जनवरी 2026


जिले में लगातार पड़ रही कड़ाके की ठंड और न्यूनतम तापमान में हो रही गिरावट को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए बड़ा एहतियाती कदम उठाया है। जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने आदेश जारी करते हुए जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में कक्षा आठवीं तक की शैक्षणिक गतिविधियों को 5 जनवरी से 7 जनवरी 2026 तक बंद रखने का निर्देश दिया है।


यह आदेश प्री-स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी लागू होगा। वहीं, आठवीं कक्षा से ऊपर की कक्षाओं का संचालन सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक ही किया जाएगा।


जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय बच्चों को अत्यधिक ठंड से होने वाली संभावित स्वास्थ्य समस्याओं से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है। आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के अंतर्गत जारी किया गया है।


हालांकि, बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी हेतु संचालित विशेष कक्षाएं एवं परीक्षाएं इस आदेश से मुक्त रहेंगी, ताकि छात्रों की पढ़ाई बाधित न हो।


जिला प्रशासन ने जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, थानाध्यक्ष एवं विद्यालय प्रबंधन को आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। आदेश के उल्लंघन पर संबंधित विद्यालयों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


इसके साथ ही जिलाधिकारी ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें, उन्हें पर्याप्त गर्म कपड़े पहनाएं और ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।