मुजफ्फरपुर में सनसनी: साइकिल सवार दो युवकों को बदमाशों ने मारी गोली, हालत नाजुक

मुजफ्फरपुर में सनसनी: साइकिल सवार दो युवकों को बदमाशों ने मारी गोली, हालत नाजुक

मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में शनिवार की रात एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। कपरपुरा रेलवे गुमटी से फ्लाईओवर के नीचे होकर सिरसिया जाने वाले सुनसान मार्ग पर अपराधियों ने साइकिल सवार दो युवकों को गोली मार दी। इस हमले में सहबाजपुर निवासी 36 वर्षीय अनिल कुमार और सिरसिया बुजुर्ग निवासी 35 वर्षीय राजकिशोर भगत गंभीर रूप से घायल हो गए।


घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से परिजनों ने दोनों घायलों को तुरंत बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम ने देर रात ऑपरेशन की तैयारी शुरू कर दी थी।


अस्पताल के चिकित्सक डॉ. गौरव वर्मा के अनुसार, राजकिशोर भगत को हाथ और जबड़े में गोली लगी है, जबकि अनिल कुमार के हाथ और सीने में गोली लगी है। दोनों की स्थिति बेहद नाजुक बताई जा रही है।


घटना की सूचना मिलते ही कांटी विधायक अजीत कुमार और एसडीपीओ (पश्चिमी-1) सुचित्रा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। विधायक अजीत कुमार ने बताया कि कपरपुरा रेलवे गुमटी बंद रहने के कारण लोग अक्सर इस सुनसान गाछी वाले रास्ते का इस्तेमाल करते हैं, जहां इस वारदात को अंजाम दिया गया।


घायल अनिल कुमार के छोटे भाई सूरज कुमार ने बताया कि अनिल शहर के सूतापट्टी में एक कपड़ा दुकान में काम करते हैं। शनिवार रात वह अपने साथी राजकिशोर के साथ साइकिल से घर लौट रहे थे, तभी दो अपराधियों ने उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। घटना के बाद अनिल ने फोन कर परिजनों को सूचना दी कि उन्हें गोली मार दी गई है।


पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद का प्रतीत हो रहा है, क्योंकि घायलों से किसी प्रकार की लूटपाट नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है और अपराधियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है।