बिहार के मुजफ्फरपुर से देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति आवास के मुख्य गेट पर अज्ञात बदमाशों ने बमबारी कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि, गनीमत रही कि इस विस्फोट में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना रविवार देर रात विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र स्थित कुलपति आवास की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी, जिससे वहां तैनात सुरक्षाकर्मी और आसपास के लोग घबरा गए। धमाके के बाद कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा और लोग घरों से बाहर निकल आए।
घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने तत्काल जांच शुरू करते हुए आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया। प्रारंभिक जांच में बम विस्फोट की पुष्टि हुई है, जिससे घटना की गंभीरता और बढ़ गई है।
सोमवार सुबह फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अहम साक्ष्य जुटाए। मौके से बम के अवशेष भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि इन साक्ष्यों के आधार पर विस्फोट में इस्तेमाल किए गए सामग्री और तकनीक का पता लगाया जाएगा।
इधर, पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके। थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।
घटना के बाद कुलपति आवास के आसपास देर रात तक गहमागहमी बनी रही। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है। लोगों ने विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं।
फिलहाल, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है और इस सनसनीखेज वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

