मुजफ्फरपुर में अपराध नियंत्रण को और मजबूत बनाने की दिशा में पुलिस प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। बुधवार को एसएसपी कांतिश कुमार मिश्र ने नवसृजित कच्ची-पक्की ओपी का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने ओपी परिसर का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों-कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण सेवा उपलब्ध कराना है। नई ओपी के शुरू होने से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और विधि-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने मौजूद पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को थाना संचालन को प्रभावी बनाने तथा जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने का निर्देश दिया। एसएसपी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी संवाद किया और जनसमस्याओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए उनके सुझावों को गंभीरता से सुना।
प्रशासन का मानना है कि कच्ची-पक्की ओपी के संचालन से आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की पहुंच और निगरानी बढ़ेगी, जिससे अपराधियों पर नकेल कसने में बड़ी मदद मिलेगी और आम जनता को बेहतर सुरक्षा का माहौल मिलेगा।
