मुजफ्फरपुर | Tirhut Now
मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत कई अहम साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार हत्या के बाद शव को सिलौत रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया था, ताकि पहचान न हो सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 जनवरी 2026 को सकरा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बुजुर्ग निवासी शोभा देवी ने अपने पुत्र मनीष राज के लापता होने को लेकर थाने में आवेदन दिया था। आवेदन में बताया गया कि उनका बेटा दवा लाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरपुर के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूर्वी-02, जिला आसूचना इकाई और सकरा थाना पुलिस को शामिल किया गया।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों — दुर्गेश कुमार और कन्हाई ठाकुर उर्फ अंजनी कुमार को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर मनीष राज की हत्या करने और शव को रेलवे ट्रैक पर फेंकने की बात स्वीकार की।
इसके बाद पुलिस ने अन्य चार आरोपियों —
दिलीप कुमार, अजय कुमार ठाकुर, रविरंजन उर्फ रोशन और पंकज कुमार — को भी गिरफ्तार कर लिया।
FSL टीम की मदद से जुटाए गए साक्ष्य
आरोपियों के बयान के आधार पर पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से खून लगे कपड़े, टी-शर्ट, जूता और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की गई।
रेलवे ट्रैक से मिला था अज्ञात शव
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि 16 जनवरी 2026 को मनियारी थाना क्षेत्र के रेलवे ट्रैक से एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। पहचान नहीं होने के कारण 72 घंटे बाद शव का विधिवत अंतिम संस्कार कर दिया गया था। बाद में फोटो के आधार पर शव की पहचान मनीष राज के रूप में की गई।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी कन्हाई ठाकुर उर्फ अंजनी कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके विरुद्ध विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं।
फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है और अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।

