UPSC में चौथा रैंक लाने वाले राघव झुनझुनवाला का सम्मान, तिरहुत आयुक्त ने कहा– “बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणा”

UPSC में चौथा रैंक लाने वाले राघव झुनझुनवाला का सम्मान, तिरहुत आयुक्त ने कहा– “बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणा”

मुजफ्फरपुर, 8 मार्च 2026 | संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में चौथा स्थान हासिल कर मुजफ्फरपुर और पूरे बिहार का नाम रोशन करने वाले राघव झुनझुनवाला को तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने अपने आवास पर आमंत्रित कर सम्मानित किया। इस अवसर पर आयुक्त ने उन्हें पुष्पगुच्छ, प्रतीक चिन्ह और अंग वस्त्र भेंट कर उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


मीडिया से बातचीत में आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह ने कहा कि तिरहुत प्रमंडल के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि यहां के दो प्रतिभाशाली छात्रों ने देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक सिविल सेवा परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर पूरे प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे मेधावी छात्र समाज और प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनते हैं।


राघव झुनझुनवाला मुजफ्फरपुर के सरैयागंज निवासी स्वर्गीय नवीन झुनझुनवाला के पुत्र हैं। वहीं यूपीएससी परीक्षा में दसवां स्थान हासिल करने वाले उज्ज्वल प्रियांक वैशाली जिले के बिदुपुर प्रखंड के दिलावरपुर गांव के रहने वाले हैं। आयुक्त ने कहा कि दोनों छात्रों ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह बड़ी सफलता हासिल की है, जिससे पूरा तिरहुत प्रमंडल और बिहार गौरवान्वित हुआ है।


उन्होंने कहा कि यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे कठिन और चुनौतीपूर्ण परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। ऐसे में इन छात्रों का परिश्रम, धैर्य, अनुशासन और समर्पण अनुकरणीय है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसके लिए निरंतर मेहनत की जाए तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है।


आयुक्त ने इस अवसर पर छात्रों के माता-पिता के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि किसी भी बड़ी सफलता के पीछे परिवार का त्याग और संघर्ष महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विशेष रूप से राघव झुनझुनवाला की माता के संघर्ष और मार्गदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें पूजनीय और प्रेरणादायी बताया।


इस दौरान राघव झुनझुनवाला ने भी अपनी सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने कहा कि जीवन में कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं होता, यदि व्यक्ति पूरी लगन, मेहनत और निरंतर प्रयास के साथ आगे बढ़े। सिविल सेवा की तैयारी करने वाले छात्रों को धैर्य, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ पढ़ाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए, क्योंकि लगातार प्रयास ही अंततः सफलता दिलाता है।


कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी राघव झुनझुनवाला को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।