मुजफ्फरपुर, तमाम कयासों पर विराम लगाते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने 49 वार्डों पर ही नगर निगम का चुनाव कराए जाने को हरी झंडी दे दी है। आयोग ने इतने ही वार्ड की मतदाता सूची तैयार करने का निर्देश जिला निर्वाचन पदाधिकारी को दिया है। इतने ही वार्ड के मतदाता महापौर और उप महापौर को सीधे चुनेंगे। साथ ही पार्षदों के लिए वोट डालेंगे। आयोग ने निगम के साथ ही सात नगर पंचायत एवं दो नगर परिषद के लिए रोस्टर तय कर दिया है। अब सिर्फ मोतीपुर नगर परिषद को लेकर ऊहापोह बना हुआ है। जारी निर्देश में आयोग के सचिव मुकेश कुमार सिन्हा ने कहा कि 84 नगर निकायों में पांच में यथास्थिति रहेगी। वहां पिछले चुनाव में जितने वार्ड को शामिल किया गया था उतने ही इस चुनाव में होंगे।

पांच जनवरी को प्रकाशित मतदाता सूची को बनाया गया आधार

सचिव द्वारा जारी निर्देश के अनुसार 11 जून से मतदाता सूची के विखंडीकरण का कार्य प्रारंभ हो जाएगा। इसके लिए इस वर्ष पांच जनवरी को प्रकाशित मतदाता सूची को आधार बनाया जाएगा। साथ ही इस तिथि के बाद मतदाता सूची में जोड़े या हटाए गए मतदाताओं के नाम और पता को शामिल किया जाएगा।

पूर्व की तरह ही आरक्षण रोस्टर रहने की संभावना

निकाय चुनाव में इस बार महापौर, उप महापौर, पार्षद एवं उप मुख्य पार्षद का चुनाव सीधे जनता करेगी। जिले में सात नगर पंचायत का गठन किया गया है। वहीं तीन नगर पंचायतों को नगर परिषद में उत्क्रमित किया गया है। इसे देखते हुए यहां परिसीमन के हिसाब से इन पदों के लिए आरक्षण रोस्टर तय किए जाएंगे। नगर निगम क्षेत्र का परिसीमन नहीं होने से महापौर एवं उप महापौर के पद का आरक्षण रोस्टर पहले की तरह ही रहने की संभावना है। निगम क्षेत्र के विस्तारीकरण को देखते हुए इन पदों में बदलाव की बात कही जा रही थी।

मतदाता सूची को लेकर महत्वपूर्ण तिथियां

– मतदाता सूची का विखंडीकरण : 11 से 17 जून

– विखंडीकृत मतदाता सूची के डाटाबेस की जांच : 18 से 20 जून

– मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन : 28 जून

– दावा व आपत्ति : 28 जून 11 जुलाई तक

– दावा व आपत्ति का निष्पादन : पांच से 18 जुलाई

– मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन : 25 जुलाई

दो नगर परिषद और तीन नगर पंचायत के गजट का प्रकाशन

जिले की दो नगर परिषद साहेबगंज और कांटी के गजट का प्रकाशन कर दिया गया है। इसके अलावा तीन नगर पंचायत बरूराज, सरैया और मुरौल के गजट का भी प्रकाशन हो गया है। प्रमंडलीय आयुक्त मनीष कुमार के हस्ताक्षर के बाद अंतिम रूप से गजट का प्रकाशन कर दिया गया।

कहां कितने वार्डों में होगा चुनाव

नगर निकाय वार्ड

मुजफ्फरपुर नगर निगम 49

कांटी नगर परिषद 26

साहेबगंज नगर परिषद 26

बरूराज नगर पंचायत 18

सरैया नगर पंचायत 12

मुरौल नगर पंचायत 10

मीनापुर नगर पंचायत 18

सकरा नगर पंचायत 11

तुर्की कुढऩी 11

माधोपुर सुस्ता नगर पंचायत दस

मोतीपुर नगर परिषद की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

इनपुट : जागरण

Advertisment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *