मुजफ्फरपुर में सियासी भूचाल: केजरीवाल का इस्तीफा मंजूर, वार्ड 20 में उपचुनाव

मुजफ्फरपुर में सियासी भूचाल: केजरीवाल का इस्तीफा मंजूर, वार्ड 20 में उपचुनाव

मुजफ्फरपुर नगर निगम की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज हो गई है। वार्ड संख्या 20 के पार्षद संजय केजरीवाल का इस्तीफा आखिरकार मेयर निर्मला साहू द्वारा मंजूर कर लिया गया है, जिसके बाद अब इस वार्ड में उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।


बताया जा रहा है कि 12 मार्च को आयोजित नगर निगम बोर्ड की बैठक में संजय केजरीवाल ने भ्रष्टाचार समेत कई गंभीर आरोप लगाते हुए अपना इस्तीफा सौंप दिया था। बोर्ड की प्रोसीडिंग में मेयर द्वारा इस्तीफा स्वीकार करने का उल्लेख भी किया गया और नगर आयुक्त को इसकी सूचना नगर विकास एवं आवास विभाग को भेजने का निर्देश दिया गया।


हालांकि, इस पूरे मामले ने नया मोड़ तब ले लिया जब संजय केजरीवाल ने दावा किया कि उन्होंने इस्तीफा वापस लेने की इच्छा जताई थी और मेयर द्वारा औपचारिक स्वीकृति की स्पष्ट घोषणा नहीं की गई थी। ऐसे में प्रोसीडिंग में इस्तीफा स्वीकार होने का जिक्र सवालों के घेरे में आ गया है।


इधर, प्रशासनिक स्तर पर वार्ड 20, जो सूतापट्टी क्षेत्र के अंतर्गत आता है, में उपचुनाव की तैयारी तेज कर दी गई है। जिला प्रशासन को भी इस्तीफे की सूचना भेजी जा चुकी है। वहीं, संजय केजरीवाल ने इस पूरे मामले को लेकर हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की तैयारी शुरू कर दी है।


अब देखना दिलचस्प होगा कि यह मामला कानूनी मोड़ लेता है या उपचुनाव के जरिए वार्ड 20 को नया जनप्रतिनिधि मिलता है। फिलहाल, इस मुद्दे ने शहर की सियासत को गर्मा दिया है।