मुजफ्फरपुर में पुलिस का शिकंजा कसा: वर्षों से फरार वांछित आरोपी आखिरकार गिरफ्तार!

मुजफ्फरपुर में पुलिस का शिकंजा कसा: वर्षों से फरार वांछित आरोपी आखिरकार गिरफ्तार!

मुजफ्फरपुर पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। वर्षों से फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि कानून से बच पाना अब आसान नहीं है।


अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर-2) विनीत सिन्हा ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में लगातार सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुप्त सूचना के आधार पर अहियापुर थाना कांड संख्या 592/22 में फरार आरोपी मुकेश उपाध्याय को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को अहियापुर थाना क्षेत्र से पकड़कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


पुलिस ने जानकारी दी कि इस मामले में पहले भी दो आरोपियों को स्मैक के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। उन्हीं की निशानदेही पर मुकेश उपाध्याय के घर से स्मैक, अन्य नशीले पदार्थ, फिनाइल की गोलियां, नगद राशि, आभूषण, मोबाइल, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, डिजिटल तराजू, टेपिंग मशीन और मोटरसाइकिल समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए थे।
फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। संभावना जताई जा रही है कि इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।


इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मुजफ्फरपुर पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।