मुजफ्फरपुर के मुशहरी थाना क्षेत्र में शिक्षिका कोमल की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस हत्याकांड का कारण एकतरफा प्यार निकला, जिसने एक युवक को हैवानियत की हद तक पहुंचा दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपित राजा कुमार ने गिरफ्तारी के बाद अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने पूछताछ में बताया कि वह शिक्षिका कोमल से एकतरफा प्रेम करता था, लेकिन जब उसकी भावनाओं को कोई महत्व नहीं मिला, तो उसके मन में खतरनाक सोच पैदा हुई। उसने कहा—“जब वह मेरी नहीं हो सकती, तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा,” और इसी सोच के चलते उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
गौरतलब है कि 25 नवंबर 2025 को तरौरा पुल के पास शिक्षिका को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद परिजनों द्वारा नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर पुलिस लगातार जांच में जुटी थी।
जांच के दौरान पुलिस ने वैज्ञानिक तरीकों का सहारा लिया। मोबाइल टावर लोकेशन और घटनास्थल पर देखी गई बाइक के आधार पर शक की सुई राजा कुमार की ओर घूमी। पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
सोमवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर मुशहरी थानाध्यक्ष सुबोध कुमार मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मतलपुर स्थित उसके घर पर छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में महिला एसआई सुप्रिया और स्थानीय पुलिस का भी सहयोग रहा।
इतना ही नहीं, राजा की निशानदेही पर हथियार सप्लाई करने वाले संजीवन कुमार को भी पुलिस ने दबोच लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी एक पेट्रोल पंप पर काम करता था और घटना के बाद खुद को बचाने के लिए झूठी कहानी गढ़ रहा था। उसने घटना से पहले अपने मैनेजर को सड़क दुर्घटना में घायल होने की बात कही थी, जबकि वह पोस्टमार्टम के दौरान भी मौजूद था।
डीएसपी सकरा-2 मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने हर पहलू से जांच करने के बाद ही गिरफ्तारी की है। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
