मुजफ्फरपुर/पटना : पटना में NEET की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कड़ा रुख अपनाया है। मानवाधिकार अधिवक्ता एस.के. झा द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए आयोग ने मामले को अत्यंत गंभीर माना और पटना के एसएसपी को नोटिस जारी कर आठ सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
मृत छात्रा बिहार के जहानाबाद जिले की रहने वाली थी और पटना के मुन्नाचक, कंकड़बाग स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर NEET परीक्षा की तैयारी कर रही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। रिपोर्ट में शरीर पर चोट के निशान और अन्य संदिग्ध परिस्थितियों का उल्लेख है, जो संभावित आपराधिक कृत्य की ओर संकेत करते हैं।
मानवाधिकार अधिवक्ता एस.के. झा ने आयोग से मांग की थी कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच अवकाश-प्राप्त न्यायाधीश की निगरानी में कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित हो।
आयोग ने मामले में पटना एसएसपी को तलब करते हुए जवाबदेही तय करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। इस प्रकरण की अगली सुनवाई 22 अप्रैल को निर्धारित की गई है। अब सभी की नजर आयोग की आगामी कार्रवाई और पुलिस प्रशासन की रिपोर्ट पर टिकी है।
